श्री अनुराग कुमार, भा.पु.से. , AGMUT 1994, ने आज दिनांक 17 जुलाई, 2026 को पुलिस मुख्यालय में दिल्ली पुलिस आयुक्त का पदभार ग्रहण किया।
दिल्ली पुलिस द्वारा आज किंग्सवे कैंप, न्यू पुलिस लाइन्स स्थित परेड ग्राउंड में कमिश्नरेट दिवस परेड का आयोजन किया गया । इस अवसर पर दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल, सरदार तरनजीत सिंह संधू ने मुख्य अतिथि के रूप में आयुक्त पुलिस, दिल्ली, श्री सतीश गोलछा की उपस्थिति में परेड की सलामी ली।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज दिल्ली पुलिस मुख्यालय के प्रांगन में एक योग सत्र का आयोजन किया गया। प्रातःकालीन, श्री सतीश गोलछा, आयुक्त पुलिस, दिल्ली, के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ योग सत्र में सहभागिता की तथा स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता का परिचय दिया। पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के अतिरिक्त, दिल्ली पुलिस के विभिन्न जिलों और इकाइयों में भी योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल, सरदार तरनजीत सिंह संधू ने आज दिल्ली पुलिस के उत्तर जिला स्थित सब्ज़ी मंडी क्षेत्र में स्थापित दिल्ली पुलिस के प्रथम महिला पुलिस थाने का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री सतीश गोलछा,आयुक्त पुलिस, दिल्ली तथा दिल्ली पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह महिला पुलिस थाना महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रभावी निवारण एवं जांच के लिए एक समर्पित संस्थान के रूप में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य पीड़ितों को सुलभ तथा संवेदनशील पुलिसिंग वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करना है।